ऊना,सुशील पंडित: स्वतंत्रता दिवस समारोहों में विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता को देखते हुए ऊना जिले के सभी सरकारी स्कूलों में 17 अगस्त, 2026 (सोमवार) को अवकाश रहेगा। इस संबंध में उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने आदेश जारी किए हैं। आदेश में निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, हिमाचल प्रदेश के निर्देशों का भी संदर्भ दिया गया है।
आदेश के अनुसार, जिन निजी स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए गए हैं अथवा जिनके विद्यार्थी और शिक्षक स्कूल, उपमंडल, जिला या राज्य स्तर के समारोहों में शामिल हुए हैं, वे 17 अगस्त को अवकाश देने के संबंध में अपने स्तर पर उचित निर्णय ले सकते हैं।
उपायुक्त ने सभी सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों को अपने स्तर पर अवकाश के संबंध में उचित निर्णय लेने को कहा गया है। साथ ही, उप निदेशक उच्च शिक्षा और उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा, ऊना को अपने-अपने क्षेत्राधिकार के तहत संबंधित शिक्षण संस्थानों को इस संबंध में अवगत कराने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

