ऊना: माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए जा रहे दो बाइक सवारों को गांव सिद्ध चलेहड़ के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार हर्ष पुरी और उसके साले वलकर्ण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस को दिए बयान में हर्ष पुरी के पिता हरिष कुमार निवासी अलीवाला, जिला फिरोजपुर, पंजाब ने बताया कि दोनों 15 अगस्त की सुबह मोटरसाइकिल पर माता चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने के लिए निकले थे। करीब 9:30 बजे उन्हें किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर सूचना दी कि बॉम्बे पिकनिक स्पॉट से कुछ आगे सिद्ध चलेहड़ में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है।
हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। पुलिस थाना अम्ब ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ BNS और मोटर व्हीकल एक्ट की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

