चरखी दादरीः जिले के खेड़ी बूरा गांव में कांवड़ जल्दी चढ़ाने को लेकर कहासुनी की रंजिश में गाड़ी सवार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का मामला सामने आया है। फायरिंग में गांव निवासी मंजीत के सीने में गोली लगी है। गंभीर हालत को देखते उसे प्राथमिक उपचार के बाद मेदांता अस्पताल रेफर किया है। उसके साथ गाड़ी में सवार दो अन्य युवक हमले में बाल-बाल बच गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और वारदात के करीब 24 घंटे के भीतर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार शिवरात्रि के दौरान कांवड़ लेने जाते समय मंजीत और आरोपी योगेश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के बाद दोनों पक्षों में रंजिश हो गई। पुलिस का कहना है कि पुरानी कहासुनी और इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने मंजीत पर हमला करने की योजना बनाई।
इसके बाद आरोपियों ने खेड़ी बूरा में गाड़ी सवार युवकों को निशाना बनाते फायरिंग कर दी। इस दौरान मंजीत के सीने में गोली लग गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य युवक बाल-बाल बच गए।
वारदात के बाद सदर पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते अटेला क्रैशर जोन के पास से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महावीर, योगेश उर्फ छोटू उर्फ पहलवान, विक्रम और प्रदीप उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार और दो अवैध देशी पिस्तौल बरामद की हैं। इसके अलावा आरोपियों से जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। डीएसपी साहिल ढिल्लों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा और पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियारों, फायरिंग के मकसद और घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

