नई दिल्लीः बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान 20 अगस्त से 25 अगस्त के बीच भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा कर सकते हैं। ये जानकारी राजनयिक सूत्रों द्वारा मिली है। सूत्रों ने बताया है कि इस प्रस्तावित यात्रा पर विचार किया जा रहा है क्योंकि दोनों पक्ष द्विपक्षीय बैठक करने के इच्छुक रहे हैं। हालांकि अब तक समय तय करने में दिक्कतें आ रही थीं। “दोनों पक्ष द्विपक्षीय यात्रा के लिए इच्छुक रहे हैं, लेकिन समय तय करना एक मुद्दा था। अलग-अलग समय-सारणी पर विचार करने के बाद, दोनों देशों के शीर्ष अधिकारी 20 से 25 अगस्त के बीच की तारीखों पर सहमत होने के करीब पहुंच गए हैं।” हालांकि, विदेश मंत्रालय की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
तारिक रहमान की पहली भारत यात्रा होगी
बांग्लादेश में भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 11 अगस्त को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आमने-सामने की बैठक की। इससे एक दिन पहले उच्चायुक्त ने ढाका में रहमान से मुलाकात की थी। अगर इसकी पुष्टि हो जाती है, तो फरवरी में पद संभालने के बाद तारिक रहमान की यह भारत की पहली यात्रा होगी।
शेख हसीना ने वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी
साथ ही बांग्लादेश के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, “बांग्लादेश ने उम्मीद जताई कि भारत शेख हसीना के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में तेजी लाएगा।” यह राजनयिक बातचीत ऐसे समय में हो रही है जब 5 अगस्त को नई दिल्ली में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। यह कार्यक्रम ‘फॉरेन कॉरेस्पोंडेंट्स क्लब ऑफ साउथ एशिया’ ने 2024 में छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह के बाद उनके सत्ता से हटने की दूसरी बरसी पर आयोजित किया था, जिस पर ढाका ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

