चंडीगढ़ः मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जगतार सिंह हवारा की पैरोल को लेकर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को पत्र लिखा है। मुख्यमंत्री ने हवारा की मां की खराब स्वास्थ्य स्थिति का हवाला देते हुए उसे कुछ दिनों के लिए पैरोल देने की मांग की है। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से अपील की है कि इस मामले को मानवीय और पारिवारिक आधार पर देखा जाए। उन्होंने कहा कि हवारा की मां की तबीयत ठीक नहीं रहती है और ऐसे समय में बेटे का उनके पास होना जरूरी है।

मां की देखभाल के लिए कुछ दिनों की पैरोल की मांग
अपने पत्र में भगवंत मान ने बताया कि जगतार सिंह हवारा की मां बीमार रहती हैं। ऐसे में उन्हें अपनी मां की देखभाल और उनसे मिलने के लिए कुछ दिनों की पैरोल दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से इस मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है। अब इस मामले में राज्यपाल की ओर से क्या फैसला लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
बेअंत सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहा हवारा
जगतार सिंह हवारा पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में दोषी है। वह प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन बब्बर खालसा से जुड़ा रहा है और इसी मामले में जेल की सजा काट रहा है। 31 अगस्त 1995 को पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की पंजाब सिविल सचिवालय के बाहर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में कई लोग शामिल थे। दिलावर सिंह ने आत्मघाती हमलावर के तौर पर इस हमले को अंजाम दिया था।
पहले सुनाई गई थी फांसी की सजा
बेअंत सिंह हत्याकांड में जगतार सिंह हवारा और बलवंत सिंह राजोआना को ट्रायल कोर्ट ने मौत की सजा सुनाई थी।
बाद में साल 2010 में जगतार सिंह हवारा की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया गया। हालांकि अदालत ने यह भी कहा था कि उसे पूरी जिंदगी जेल में रहना होगा। वहीं, बलवंत सिंह राजोआना की फांसी की सजा को अदालत ने बरकरार रखा था।