ऊना/सुशील पंडित : कांग्रेस के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने भाजपा विधायक सतपाल सत्ती पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने सत्ती द्वारा पूर्व में लगाए गए उस आरोप को पूरी तरह निराधार बताया, जिसमें उनकी एक गाड़ी को पीर निगाह मंदिर से मिली हुई बताया गया था। रायजादा ने कहा कि संबंधित गाड़ी उनके अपने नाम पर है और उसका लोन भी उनके नाम पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास इसके विपरीत कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक किया जाए।

इसके साथ ही रायजादा ने सतपाल सत्ती पर आरोप लगाया कि सरकारी दुकानों को आगे अपने संबंधियों को किराए पर दिया गया। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि सरकारी संपत्ति का उपयोग किस आधार पर और किन लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया। पूर्व विधायक ने भाजपा पर एक बार फिर गुरु रविदास जन्मस्थली से मिट्टी लाने के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मंदिरों की मिट्टी उखाड़कर चंदा इकट्ठा करने की राजनीति कर रही है।
पीर निगाह मंदिर के संदर्भ में रायजादा ने कहा कि जब मंदिर का प्रबंधन ग्राम पंचायत के नियंत्रण में था, तब चढ़ावे से जमा होने वाली राशि और सरकारी नियंत्रण के बाद प्रदर्शित की गई राशि में बड़ा अंतर दिखाई देता है। उन्होंने दावा किया कि सरकारी प्रबंधन के बाद कहीं अधिक राशि सामने आई है, जिससे यह आशंका उत्पन्न होती है कि पंचायत प्रबंधन के दौरान करोड़ों रुपये के गोलमाल की संभावना हो सकती है।
रायजादा ने मांग की कि पीर निगाह मंदिर की आय, चढ़ावा राशि, पूर्व पंचायत प्रबंधन तथा वर्तमान सरकारी प्रबंधन से जुड़े सभी वित्तीय रिकॉर्ड की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता अत्यंत आवश्यक है और यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।