लुधियानाः थाना लाडोवाल क्षेत्र के अंतर्गत पड़ते नूरपुर बेट में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला करीब 20 फीट दूर जाकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार मीना नाम की महिला अपनी दो ननदों के साथ गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर लगते ही महिला सड़क पर दूर जा गिरी और उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। वहीं, महिला के पति ने थाना लाडोवाल में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी कार चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।