नई दिल्लीः सरकार देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन (LIC) में अपनी 6.5% हिस्सेदारी बेचने जा रही है। मंगलवार से शुरू हो रहे दो दिनों के ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए यह बिक्री 382 रुपए प्रति शेयर की तय कीमत पर होगी। ये शेयर मंगलवार को संस्थागत निवेशकों के लिए खुलेगी। बुधवार को आम निवेशक हिस्सा ले सकेंगे। इस बिक्री से सरकार के विनिवेश खाते में करीब 31,000 करोड़ रुपए आएंगे।
निवेश और लोक संपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने एक्स पर पोस्ट किया। सरकार ग्रीन शू विकल्प के रूप में अतिरिक्त चार प्रतिशत के साथ 2.5 प्रतिशत इक्विटी विनिवेश करने का प्रस्ताव करती है। पूर्ण अभिदान मिलने पर और बोली की न्यूनतम कीमत के आधार पर 82.22 करोड़ से अधिक शेयर या 6.5 प्रतिशत हिस्सेदारी की बिक्री से सरकार को लगभग 31,000 करोड़ रुपये मिलेंगे।
बोली की निचली सीमा के आधार पर बीएसई पर एलआईसी के शेयरों के सोमवार के बंद भाव 424.35 रुपये की तुलना में 10 प्रतिशत की छूट दी गई है। इस हिस्सेदारी बिक्री से एलआईसी को न्यूनतम सार्वजनिक शेयरधारिता आवश्यकता को समय से पहले हासिल करने में मदद मिलेगी। सेबी ने एलआईसी को न्यूनतम 10% सार्वजनिक शेयरधारिता हासिल करने के लिए 16 मई, 2027 तक का समय दिया था। इस समय एलआईसी में सरकार की 96.5% हिस्सेदारी है।
एलआईसी का शेयर सोमवार को बीएसई पर 424.85 रुपये पर बंद हुआ। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 468.30 रुपये और न्यूनतम स्तर 361 रुपये है। सोमवार के बंद भाव पर कंपनी का मार्केट कैप 5,36,802.55 करोड़ रुपए है और बाजार मूल्यांकन के हिसाब से सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों में शामिल है।