मोगाः जिले के अकालसर रोड पर नामदेव गुरुद्वारे के पास स्थित भारत पेट्रोल पंप से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां पेट्रोल पंप के बाथरूम से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना मिलते ही सिटी-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अंदर से बंद था बाथरूम का दरवाजा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी ने बाथरूम का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कोई जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने दूसरे रास्ते से अंदर जाने का प्रयास किया। जब दरवाजा खोला गया तो एक युवक बाथरूम के फर्श पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।
पास में पड़ा था नशे का इंजेक्शन
कर्मचारियों ने देखा कि युवक के पास एक नशे का इंजेक्शन भी पड़ा हुआ था। इसके बाद उन्होंने उसे उठाकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन युवक की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्थिति गंभीर देखते हुए तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही सिटी-1 थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह भुल्लर अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि युवक की मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
पुलिस ने समाज सेवा सोसाइटी की मदद से शव को कब्जे में लेकर मोगा के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस युवक की पहचान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी हुई है।