ऊना,सुशील पंडित: हिम कैप्स कॉलेज ऑफ लॉ बढेडा में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के अंतर्गत एलएलबी प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु इंडक्शन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान के शैक्षणिक वातावरण, नियमों, अनुशासन तथा विधि शिक्षा की विभिन्न गतिविधियों से परिचित कराना था, ताकि वे अपने भविष्य के व्यावसायिक जीवन के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।
समापन अवसर पर संस्थान के चेयरमैन विक्रम जीत सिंह ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं तथा अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जसवंत सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधि शिक्षा, बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नियमों तथा न्यायपालिका और अधिवक्ता पेशे में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विधि शिक्षा केवल एक डिग्री नहीं, बल्कि समाज में न्याय स्थापित करने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम में नर्सिंग विभाग की प्रिंसिपल डॉ. कल्पना, एडवोकेट विनोद शर्मा, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ के अधिवक्ता हरमनप्रीत सिंह, तथा डॉ. एकता हूड्डा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने भी अपने विचार साझा किए और विद्यार्थियों को सफलता के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकगण, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
