अमृतसरः जिले के भंडारी पुल पर पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे वाल्मीकि संगठनों ने आज हल्का सेंट्रल के विधायक डॉ. अजय गुप्ता के घर का घेराव करने का ऐलान किया था। इससे पहले ही विधायक डॉ. अजय गुप्ता खुद प्रदर्शन वाली जगह पर पहुंचे और धरनाकारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने वाल्मीकि नेताओं से मांग पत्र प्राप्त किया और भरोसा दिया कि एक से दो दिनों के भीतर संबंधित अधिकारियों के साथ मीटिंग करवाकर मसले के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।
वाल्मीकि नेता मलकीत नाथ ने बताया कि समाज द्वारा विधायकों के घरों का घेराव करने का फैसला किया गया था, जिसके बाद डॉ. अजय गुप्ता खुद धरने वाली जगह पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि विधायक ने भरोसा दिया है कि जल्द ही मीटिंग करवा कर मांगों के समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे। वहीं विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने कहा कि वाल्मीकि समाज उनका अपना परिवार है और वे उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हैं।
उन्होंने बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि सफाई सेवक सरकार की रीढ़ की हड्डी हैं और उनके साथ ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगों में लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, एफआईआर दर्ज करने और आउटसोर्स व कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग शामिल है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि वे यह मांगें मुख्यमंत्री के ध्यान में लाएंगे और उन्हें पूरा विश्वास है कि इनका जल्द निपटारा होगा। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि मानसून सत्र से पहले ही इन मांगों पर सकारात्मक फैसला लिया जाएगा।
