पंचकूलाः नगर परिषद वार्ड नंबर 12 में निर्माणाधीन इमारत का निरीक्षण करने पहुंचे नगर परिषद के जेई के साथ कथित मारपीट व गाली गलौज किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मिली जानकारी के मुताबिक नगर परिषद कालका के वार्ड नं. 12 स्थित विश्वकर्मा मोहल्ला में एनएच कालका–शिमला हाईवे के साथ लगती एक निर्माणाधीन इमारत का निरीक्षण करने के दौरान नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर (जेई) ललित कुमार द्वारा भवन का स्वीकृत नक्शा (Building Plan) प्रस्तुत करने के लिए कहा गया। मौके पर भवन का स्वीकृत नक्शा उपलब्ध न होने के कारण निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया गया।
इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति नामक गुरमुख ने जेई ललित कुमार के साथ बहस, अभद्र भाषा एवं गाली-गलौज की तथा कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने सरकारी अधिकारी को जान से मारने तथा मौके पर ही दफनाने की धमकी भी दी। उसने यह भी कहा कि उसके विरुद्ध पहले से कई मामले दर्ज हैं और उसे एक और मामले से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, साथ ही भविष्य में दोबारा वहां न आने की धमकी दी।
इसके बावजूद जब जेई ललित कुमार ने वहां कार्यरत मजदूरों को कथित अवैध निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा, तो आरोप है कि गुरमुख अपने कथित अवैध रूप से स्थापित फूड ट्रक से एक कुल्हाड़ी लेकर आया और जेई पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया। बताया जाता है कि पहला वार सफल नहीं हुआ। इसके बाद जब उसने दोबारा हमला करने का प्रयास किया, तो वहां मौजूद मजदूरों ने बीच-बचाव कर जेई ललित कुमार को सुरक्षित बचाया तथा किसी तरह उन्हें वहां से निकलने की सलाह दी। घटना के बाद जेई ललित कुमार ने थाना पिंजौर पहुंचकर थाना प्रभारी राजेश को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसके आधार पर आरोपी गुरमुख के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली गई।
