केंद्रपाड़ा: ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार खारे पानी के मगरमच्छ के कथित हमले में एक 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान मंजुलता भंज के तौर पर हुई है। वन विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक उसका शव मंगलवार को एक नदी से बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि मंजूला ब्राह्मणी नदी में बर्तन धो रही थी, इसी दौरान मगरमच्छ ने उसे पानी में खींच लिया जिसके बाद से वह लापता थी। उन्होंने बताया कि यह घटना पट्टामुंडई पुलिस थाने के अलापुडिया गांव में स्थित नदी के घाट पर हुई। वन अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली और हमने दमकल विभाग के अधिकारियों को सूचित किया।
जिन्होंने तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया। जिसके बाद उसका शव बरामद किया गया। अंदेशा लगाया जा रहा है कि मगरमच्छ के हमले में उसकी मौत हुई है। अधिकारियों ने बताया कि मृतक के परिवार को संरक्षित जंगली जानवरों के कारण हुई मौत के लिए सरकार की योजना के अनुसार छह लाख रुपये का मुआवजा दिया जायेगा।