ऊना/ सुशील पंडित : एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत मंगलवार को बंगाणा कॉलेज में एनएसएस ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया। एनएसएस प्रोग्राम अधिकारी प्रो. सिकंदर नेगी ने इसकी अध्यक्षता की। प्रो. नेगी ने अपने संबोधन में बताया कि एक भारत श्रेष्ठ भारत इस देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में रहने वाले विविध संस्कृतियों के लोगों के बीच आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिए आरंभ किया गया है। इसके अंतर्गत भारतीयों में पारस्परिक संपर्क, भाषा, संस्कृति, परंपराओं और प्रथाओं के ज्ञान को एक दूसरे से साझा किया जाता है ताकि एक दूसरे समाज की संस्कृतियों में आपसी समझ को विकसित किया जा सके।
यूं तो पौराणिक काल से ही हिमालय से हिंद महासागर तक का क्षेत्र सांस्कृतिक विविधता के बावजूद आपस में जुड़ा रहता था। आज के समय में उस जुड़ाव को और मजबूत करने के लिए एक भारत-श्रेष्ठ भारत जैसे कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इस अवसर पर एनएसएस के स्वयंसेवी अक्षय शर्मा ने कहा कि उन्हें इस कार्यक्रम के जरिए केरल जाने का मौका मिला। कामना और विशाल सोनी ने कहा कि उन्हें इस वर्ष राष्ट्रीय एकता शिविर में भाग लेने का अवसर प्राप्त हुआ। राष्ट्रीय एकता शिविर के दौरान विभिन्न राज्यों से आए स्वयंसेवियों से मिलने उनके राज्यों की संस्कृति, भाषा, परंपराओं और प्रथाओं का पता चला। इस अवसर पर मुख्य अतिथि और महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ सतिंदर कुमार शर्मा ने भी इस उतकृष्ठ कार्यक्रम की सराहना की। यहां एक भारत श्रेष्ठ भारत के समन्वयक प्रो. नंद लाल, प्रो. कृष्ण चंद, प्रो. संजय शर्मा और एनएसएस कैप्टन अक्षय शर्मा व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।