जींदः हरियाणा के जींद में युवक के मुंह पर पेशाब करने और उसकी पिटाई करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पांचों आरोपियों को सबक सिखाने के लिए सिर मुंडवा दिए। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल 3 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। दरअसल, 16 फरवरी की रात सफीदों में शराब के नशे में एक युवक की बेरहमी से पिटाई की थी। मुंह पर पेशाब करने की घटना का वीडियो भी बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
16 फरवरी की शाम वह अपने दोस्तों रोहित और अजुमुद्दीन उर्फ छोटू के साथ सफीदों में हुड्डा ग्राउंड में बैठा था। उसी समय अरुण शिकारी अपने सात अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। नवीन ने आरोप लगाया कि अरुण शिकारी ने आते ही जान से मारने की नीयत से उस पर सीधा फायर किया। गोली उसके कान के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।
इसके बाद, अरुण ने लोहे की रॉड से नवीन के सिर पर पीछे से वार किया, जिससे वह मुंह के बल गिर पड़ा। दोबारा उठने पर उस पर फिर से वार किया गया, जिसे नवीन ने हाथ आगे करके रोकने की कोशिश की। बोला- पंगा लिया तो जान से मार दूंगा। नवीन के अनुसार, अरुण के उकसाने पर उसके साथियों मोहित, अभिनव, कृश, राबड़ी, संजू और आजाद ने भी रॉड और डंडों से नवीन, छोटू और रोहित को बेरहमी से पीटा। पिटाई के बाद अरुण शिकारी ने अपनी पैंट की जिप खोलकर उसके मुंह पर पेशाब किया और धमकी दी कि अगली बार पंगा लेने पर वह उसे जान से मार देगा। नवीन को इलाज के लिए पानीपत के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डीएसपी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने खेड़ा खेमावती निवासी कृश, निवेश, मोहित, रविंद्र और विजय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की उम्र 18 से 23 साल के बीच है। पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए 3-4 टीमें बनाई हैं। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब इसमें हत्या की कोशिश, हथियार रखने के कानून और एससी/एसटी एक्ट की धारा जोड़ी हैं। मुख्य आरोपी अरुण शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी 2 मामले दर्ज हैं और वह एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।