गिरिडीहः जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में आज भीषण सड़क हादसे का मामला सामने आया है जिसमें 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह घटना सरिया-राजधनवार मुख्य मार्ग पर माखमरगो पंचायत भवन के सामने हुई। मृतकों की पहचान 70 वर्षीय बासदेव साव और 65 वर्षीय लखिया देवी (पत्नी लखपत साव) के रूप में हुई है। हादसे में 65 वर्षीय धनपत साव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी मुताबिक, बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी गांव के निवासी बासदेव साव, लखिया देवी और धनपत साव रोज की तरह माखमरगो इलाके में मजदूरी करने के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 2 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद पिकअप वैन का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बिरनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
