फतेहगढ़ साहिब: 12वीं की एक छात्रा द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान आज उसकी मौत हो गई। मरने से पहले छात्रा ने अस्पताल में एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने कहा था कि उसे फीस के लिए बहुत मेंटल टॉर्चर किया गया। इसके लिए प्रिंसिपल उसे अलग कमरे में भी लेकर गई थी। इससे वह परेशान थी, इसलिए उसने यह कदम उठाया है। घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, मृतका की पहचान 17 वर्षीय अमजोत कौर के रूप में हुई है, जो अमृतसर में 88 फीट रोड क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अपनी मासी सरबजीत कौर के पास रहकर पढ़ाई कर रही थी। छात्रा ने मरने से पहले बनाए गए वीडियो में स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाए। उसने कहा कि 11 मई को उसे स्कूल बुलाया गया था, जहां उसे काफी मेनटली टॉर्चर किया गया। उसे क्लास के ग्रुप से भी हटा दिया गया था। वीडियो में उसने कहा कि उसकी मौजूदा हालत के लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेदार है और वह जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही है। उसने मामले में न्याय की मांग करते हुए कहा कि उसे इंसाफ मिलना चाहिए।
परिजन के अनुसार, अमजोत की स्कूल फीस के करीब 20 हजार रुपए बकाया थे। उनका आरोप है कि फीस जमा करवाने के लिए स्कूल प्रबंधन की ओर से लगातार दबाव बनाया जा रहा था। मृतका की मासी सरबजीत कौर ने आरोप लगाया कि डीडीआईएस स्कूल फतेहगढ़ चूड़ियां रोड की प्रिंसिपल शबनम शर्मा और क्लास टीचर आकांक्षा शर्मा फीस को लेकर बार-बार अमजोत पर दबाव डाल रही थीं। उनका कहना है कि इसी मानसिक दबाव के चलते अमजोत ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालांकि इस मामले में अभी स्कूल की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।
घटना के बाद छात्रा को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाना है। चौकी विजय नगर पुलिस ने परिजन के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
