लुधियानाः कनाडा के एडमिंटन शहर में समराला के गांव ललकलां की दमनप्रीत कौर की गला घोंटकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है। 9 जुलाई की शाम दक्षिण-पूर्वी एडमिंटन के सिल्वरबेरी इलाके से मिली एक इमरजेंसी कॉल के बाद दमनप्रीत बेहोशी की हालत में मिली थी। आपको बता दें दमनप्रीत की मां की मौत हो चुकी है। उसका पालन-पोषण उसके पिता और बुजुर्ग दादा-दादी ने किया था।
परिजनों ने बताया कि दमनप्रीत ने कनाडा में अपनी पढ़ाई पूरी कर ली थी और उसे वर्क परमिट भी मिल गया था। बेहोशी की हालत में मिली दमनप्रीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिन तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई। 14 जुलाई को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस मामले में पुलिस ने 22 जुलाई को आरोपित रितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कनाडा से पार्थिव शरीर भारत लाने में सक्षम नहीं है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि हमारी बेटी के शव को भारत में लाया जाए, जहां उसका हम अपने रीति-रिवाजों से संस्कार कर सके।

