नवांशहरः पंजाबी म्यूज़िक इंडस्ट्री से जुड़े प्रसिद्ध गायक राणा सहोता की गाड़ी पर हमला करने की घटना सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार नवांशहर के पास अज्ञात बदमाशों ने राणा सहोता पर हमला करने की कोशिश की। बताया जा रहा हैकि इस दौरान हमालावारों ने आतंक फैलाने के लिए हवाई फायर भी किए।

राणा सहोता ने घटना को लेकर बताया कि वह खुद गाड़ी चला रहे थे। ऐसे में जब नवांशहर के पास एक काली संदिग्ध कार उनका पीछा करने लगी। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद हमलावरों ने अपनी कार राणा सहोता की गाड़ी के बराबर लगा दी और अंदर बैठे युवकों ने इशारों से गाड़ी रोकने को कहा। जब गायक ने ख़तरा महसूस कर गाड़ी नहीं रोकी, तो बदमाशों ने हवा में फायर किए और मौके से फरार हो गए।
राणा सहोता ने बताया कि इस घटना के बाद वे काफी सहमे हुए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले की गहराई से जांच कर दोषियों को जल्दी गिरफ्तार करने की अपील की है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि उस काली कार और हमलावरों की पहचान की जा सके।