चंडीगढ़ः सेक्टर-26 स्थित सब्ज़ी मंडी में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक व्यापारी की गाड़ी को निशाना बनाते हुए उसमें रखे 4 लाख रुपये की नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित व्यापारी की पहचान चतुर्भुज, दुकान नंबर 178 के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, व्यापारी अपनी गाड़ी मंडी परिसर में खड़ी कर पास के मंदिर के अंदर वॉशरूम गया था।
इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी गाड़ी से नकदी चोरी कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और चोरी गई रकम की बरामदगी हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हर एंगल से जांच की जा रही है। मंडी में आने-जाने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि वे नकदी को लेकर सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर मंडी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल है और वे सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
