फगवाड़ाः फगवाड़ा के पॉश इलाके न्यू मॉडल टाउन स्थित गुलाटी कन्फेक्शनरी स्टोर के अंदर एक युवक घुसकर गल्ले से करीब 25 हजार रुपए की नकदी चोरी कर फरार हो गया और पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दुकान मालिक को वापस लौटने के दौरान चोरी की पता चला।
दुकान पर मौजूद महिला जसपाल कौर ने बताया कि वह दुकान पर बैठी थी। इसी दौरान वह कुछ देर के लिए वॉशरूम गईं। उनके पीछे एक युवक दुकान में दाखिल हुआ और गल्ले से नकदी निकालकर फरार हो गया। जब वह वापस लौटी तो गल्ले से पैसे गायब थे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें आरोपी युवक चोरी करते दिखाई दे रहा है। जसपाल कौर की बेटी सिमरनजीत कौर ने बताया कि इस संबंध में फगवाड़ा पुलिस को लिखित शिकायत दे दी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

