दुकानदारों ने जताया रोष, की ये मांग
लुधियानाः शहर के सबसे व्यस्थ रहने वाले इलाकों में शुमार माता रानी चौक स्थित नगर निगम ऑफिस की पार्किंग से चोरों द्वारा पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती दी है। भीड़भाड़ वाले इस इलाके में एक चोर ने मात्र 25 सेकंड में लॉक तोड़कर बाइक चोरी कर ली और रफूचक्कर हो गया। इस दौरान सारी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।
जानकारी देते पीड़ित गौरव वर्मा ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी बाइक नगर निगम ऑफिस के मेन गेट के पास पार्क कर दुकान पर गए थे। शाम को जब वह वापस लौटे तो बाइक गायब थी। जब उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी चेक किए तो फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक युवक काली टी-शर्ट पहनकर पैदल आता है। वह बड़ी चालाकी से बाइक के पास बनी थड़ी पर बैठ जाता है ताकि किसी को शक न हो। मौका मिलते ही वह खड़ा होता है बाइक का लॉक तोड़ता है और किक मारकर महज 25 सेकंड के भीतर बाइक लेकर फरार हो जाता है।
वहीं घटना के बाद से इलाके के दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। उनका आरोप है कि पिछले कुछ महीनों में इसी पार्किंग से 20 के करीब बाइक और एक्टिवा चोरी हो चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि ज्यादातर वारदातें रविवार को ही होती हैं। सरकारी पार्किंग से गाड़ियां गायब हो रही हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। उन्होंने मांग की है कि रविवार के दिन यहां विशेष गश्त बढ़ाई जाए, ताकि प्रतिदिन बढ़ रही चोरियों पर लगाम कसी जा सके।