नई दिल्ली: 22 सितंबर से सरकार की ओर से आम नागरिकों को जीएसटी का तोहफा मिलने वाला है। जीएसटी के नए रिफॉर्म लागू हो जाने के बाद से खाने-पीने की चीजें सस्ती हो जाएगी। खाने-पीने की चीजों के अलावा भी एसी, टीवी, कार और बाइक के दामों में भी भारी कटौती होने वाली है। इन चीजों में कटौती होने का कारण है जीएसटी काउंसिल में लिए गए अहम फैसले। जीएसटी काउंसिल ने 3 सितंबर को एक बड़ा फैसला लेते हुए जीएसटी की दरों में बदलाव किया है। बदलावों के बाद सिर्फ 2 जीएसटी स्लैब ही रखे गए हैं 5% और 18%।
12 फीसदी और 28 फीसदी टैक्स स्लैब खत्म हो गई है। 12 फीसदी स्लैब में जो भी प्रोडक्ट्स शामिल हैं उन्हें 5 फीसदी स्लैब की कैटेगरी में रखा गया है। वहीं 28 फीसदी वाले ज्यादातर प्रोडक्ट्स 18% वाले स्लैब में रखे गए हैं। कुछ चीजों पर जीएसटी रेट बिल्कुल शून्य कर दिए गए हैं। ऐसे में इसका अर्थ है कि 22 सितंबर के बाद इन प्रोडक्ट्स पर 0 जीएसटी लागू होगी। इससे यह सारी चीजें बहुत ही सस्ती हो जाएगी।
इन चीजों पर लगेगी 0% जीएसटी
पनीर और छेना, यूएचटी दूध, पिज्जा ब्रेड, खाखरा, चपाती या रोटी, परांठा, कुल्चा और अन्य पारंपरिक ब्रेड, व्यक्तिगत स्वास्थ्य और जीवन बीमा, कुछ जीवन रक्षक दवाईयां, मेडिकल ग्रेड ऑक्सीजन, शार्पनर, क्रेयॉन और पेस्टल, कॉपी, नोटबुक, पेंसिल, रबर पर अब से 0% जीएसटी लागू होगी।
दवाईयों पर भी नहीं लगेगी जीएसटी
सिर्फ खाने-पीने की चीजें ही नहीं बल्कि अब हेल्थ सेक्टर में भी 0 जीएसटी लगेगी। कुछ जीवन रक्षक दवाईयां और हेल्थ इंश्योरेंस पर सरकार ने टैक्स हटा दिया है। इसका मतलब है कि अब ये दवाईयां और हे्ल्थ इंश्योरेंस प्रीमियम काफी सस्ते होंगे। 33 दवाईयों पर जीएसटी हटा दी गई है। मेडिकल में इस्तेमाल होने वाले ऑक्सीजन पर भी 12% जीएसटी लगती थी परंतु अब इसको हटा दिया गया है।
बता दें कि 3 सितंबर को जीएसटी काउंसिल की बैठक हुई है जिसमें जीएसटी को लेकर अहम फैसला लिया गया। इसमें दो जीएसटी स्लैब 12 फीसदी और 28 फीसदी हटा दिया गया था जिसके बाद ज्यादातर चीजें सस्ती होती दिख रही है। निर्मला सीतारमण ने खुद इसका ऐलान किया था कि इसका फायदा ग्राहकों को जरुर दिया जाएगा।
