चंडीगढ़: हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने समाज से देश के वीर सैनिकों के बलिदान को सदैव स्मरण रखने, उनके परिवारों का सम्मान करने तथा उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। पंचकूला में आज अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, हरियाणा द्वारा आयोजित वीर नारी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण, सम्मान तथा पुनर्वास की जिम्मेदारी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए किए जा रहे कल्याणकारी उपायों का उल्लेख करते हुए प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि उनके हित में कई महत्वपूर्ण पहल की गई हैं, जिनमें वन रैंक वन पेंशन का कार्यान्वयन भी शामिल है। उन्होंने बताया कि देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये की गई है।
राज्यपाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग की स्थापना की है।इस वर्ष सैनिक और अर्ध सैनिक कल्याण विभाग के लिए बजट आवंटन 58.93 प्रतिशत बढ़ाकर 178.14 करोड़ रुपये किया गया है। यह राज्य सरकार की सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण तथा सशक्तीकरण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।