नई दिल्लीः मौसम विभाग ने देश के 30 राज्यों में आज आंधी-बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवाएं 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। अगले 2 दिन में अधिकतर राज्यों का तापमान 2-4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले बताया कि देश में मानसून तय समय से 4 दिन पहले पहुंच सकता है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई को केरल तट से टकराएगा।
आमतौर पर यह 1 जून को केरल पहुंचता है। राजस्थान के कोट, भरतपुर समेत कई जिलों में शनिवार को बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, आज 30 जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है। पूरे मध्य प्रदेश में आंधी, बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी है। उत्तर प्रदेश के 20 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी है। वहीं, प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में पारा 40 के करीब पहुंच गया है। आगरा में बीते दिन 80KM की रफ्तार से हवाएं चलीं, कई होर्डिंग और पेड़ उखड़ गए।