दमोहः एक युवक की कार से कुचलकर हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात के बाद आरोपी भाग निकला। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार जब्त कर ली है और आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
राकेश की मां नन्ही बाई ने बताया कि वह इलाज के लिए बेटे के साथ निकली थी। बाइक से गिरने के बाद आरोपी जानबूझकर बेटे को कुचलता रहा। वह दौड़कर दूसरे बेटे को बुलाने गई, जब लौटी तो बेटा खून से लथपथ पड़ा था और आरोपी भाग चुका था।
जानकारी देते मृतक राकेश रैकवार (40) के भाई बबलू ने बताया कि शाम को चिकन खरीदते वक्त राकेश की आरोपी अकील के पिता से कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात करीब 9 बजे को राकेश मां को इलाज के लिए बाइक से लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अजमेरी गार्डन के पास अकील खान ने उसकी बाइक को टक्कर मारी। इससे राकेश और मां गिर पड़े। बबलू के मुताबिक आरोपी ने इसके बाद राकेश को कार से रिवर्स करके बार-बार कुचला, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद शनिवार को पठानी मोहल्ला क्षेत्र में रैकवार समाज के युवाओं और महिलाओं के अलावा हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और इंसाफ की मांग की।
घटना की सूचना पर सीएसपी एचआर पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि परिजन के बयान और घटनास्थल की जांच के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। आरोपी अकील खान के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।