पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने की शिरकत, गुरुद्वारा प्रबंधक ने किया स्वागत
ऊना /सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा के नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में कुटलैहड़ विस क्षेत्र के प्रसिद्ध गुरु आदिद्वारा बल्ह खालसा में आयोजित पखवाड़ा कार्यक्रम में शिरकत की। इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज, स्थानीय गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन पूरे श्रद्धा भक्ति और उत्साह के साथ किया गया, जहां गुरु रविदास जी की शिक्षाओं, उनके आदर्शों और समाज सुधार में उनके योगदान को स्मरण किया गया। गुरु आदिद्वारा बल्ह खालसा स्थित गुरुद्वारा में पहुंचने पर भुट्टो का स्वागत किया गया। इस अवसर पर बाबा कमल दास महाराज ने भुट्टो को सम्मानित किया
व सम्मान स्वरूप उन्हें सिरोपा एवं स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद दविंदर भुट्टो ने गुरु आदिद्वारा प्रबंधन समिति, संत समाज और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि संत गुरु रविदास जैसे महान संतों की शिक्षाएं आज के समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि समता भाईचारे और मानवता का संदेश देकर समाज को नई दिशा दी
इस अवसर पर दविंदर कुमार भुट्टो ने संत गुरु रविदास की जीवनी पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संत गुरु रविदास एक महान संत, समाज सुधारक और मानवता के उपासक थे, जिन्होंने अपने विचारों और कर्मों से समाज में व्याप्त भेदभाव, छुआछूत और ऊंच-नीच की भावना को समाप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान गुरु द्वारा बल्ह खालसा में भजन-कीर्तन और गुरु वाणी का पाठ भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्ति मय हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास जी के भजनों के माध्यम से उनके प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,सूरम सिंह राजीव कुमार, राम किशन क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग भाजपा कार्यकर्ता, संत समाज के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।