नई दिल्लीः कॉमेडियन समय रैना ने शुक्रवार को इंडियाज गॉट लेटेंट’ सीजन 2 का एक और एपिसोड रिलीज किया, जिसके बाद शो में की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। एपिसोड में बिहार के लोगों और कश्मीरी पंडितों के बारे में रैना और स्टैंड-अप कॉमेडियन शैरन वर्मा के बीच बातचीत के दौरान टिप्पणियां की गई थीं।
बातचीत तब शुरू हुई जब समय ने अपने खास अंदाज में दर्शकों से शैरन का परिचय कराया और उनके बिहार से होने पर मजाक किया। उन्होंने कहा, ‘वह बिहार से हैं। वह इतनी बिहारी है कि उन्हें लगता है ‘इबोला’ का मतलब है कि किसी ने कुछ कहा है। शैरन ने समय की कश्मीरी जड़ों पर मजाक करते जवाब दिया कि समय इतने कश्मीरी हैं कि उन्हें स्टोन होना (नशे में धुत होना) पसंद है।
समय ने मजाक जारी रखते कहा कि शैरन वर्मा एक बिहारी हैं जो नौकरी की तलाश में मुंबई आईं। बस बिहारी वाली बातें।’ फिर शैरन ने कहा कि कम से कम, मैंने अपनी मर्जी से अपना राज्य छोड़ा।
इस दौरान भाजपा विधायक राम कदम ने इन कथित टिप्पणियों की आलोचना की और कहा कि ये पब्लिसिटी पाने के लिए की गई थी। समाज में कुछ ऐसी ताकते हैं जो सिर्फ पब्लिसिटी पाने के लिए जानबूझकर विवादित बयान देती हैं।
उनका एकमात्र मकसद मशहूर होना है। हमें यह समझने की जरूरत है कि सनातन हिंदू धर्म के देवी-देवताओं और कश्मीरी पंडितों को मजाक का विषय नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने आगे कहा कि कोई जान-बूझकर आपत्तिजनक काम करके बाद में बस माफी नहीं मांग सकता। इस बीच उन्हें पूरे देश में वह पब्लिसिटी फ्री में मिल जाती है जो वे चाहते थे।