आगराः कमलानगर में कर्मयोगी एन्क्लेव चौराहे के पास सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। महीने में तीसरी बार यह घटना हुई है। इस घटना से सड़क के बीचों बीच करीब 20 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। कर्मयोगी एन्क्लेव में बड़ी जनसंख्या रहती है, जिसके गुजरने के लिए यही एकमात्र बड़ी रोड है। शुक्रवार सुबह भरभराकर सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से नागरिकों ने आसपास बेरीकेडिंग कर आवाजाही बंद कराई। घटना का पता चलने पर शुक्रवार को सपा नेता मौके पर पहुंचे। वह सीढ़ी लगाकर गड्ढे में उतरे। उसकी चौड़ाई और गहराई नापी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस रास्ते से रोजाना 25 से 30 स्कूल-कॉलेज बसों के साथ बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। आसपास घर भी हैं और यह शहर के पॉश इलाकों में शामिल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क धंसने की घटना इसी जगह के आसपास पिछले एक महीने में तीसरी बार हुई है। शुक्रवार को बने गड्ढे से करीब 10 फीट की दूरी पर लगभग एक महीने पहले भी सड़क धंसने से गड्ढा हुआ था। लोगों का आरोप है कि सड़क के नीचे पाइपलाइन में लीकेज के कारण मिट्टी खिसकने से सड़क धंसी है। उनका कहना है कि हादसे के बाद केवल गड्ढे को भरने के बजाय पूरी सड़क की जांच कराकर दोबारा मजबूत तरीके से निर्माण कराया जाना चाहिए।
क्षेत्रीय पार्षद पति पवन बंसल ने कहा कि सड़क का निर्माण बबक कंपनी द्वारा कराया गया है। यदि निर्माण में भ्रष्टाचार या लापरवाही सामने आती है तो इसकी जांच कराई जाएगी और सड़क को दोबारा बनवाया जाएगा। वहीं कांग्रेस नेता नितिन कोहली ने गड्ढे में उतरकर उसकी गहराई दिखाई और प्रदर्शन किया। उन्होंने गड्ढे के पास नारियल फोड़कर और माला चढ़ाकर विरोध जताया। उनका कहना था कि इतने बड़े गड्ढे के बावजूद कोई जनहानि नहीं हुई, यह राहत की बात है, लेकिन यदि थोड़ी देर बाद हादसा होता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पॉश इलाके में रहने के बावजूद सड़क की यह स्थिति चिंता का विषय है। लोगों ने सड़क की पूरी जांच कराने, पाइपलाइन लीकेज की समस्या दूर करने और सड़क को दोबारा मजबूत तरीके से बनाने की मांग की है।