मनाली: पर्यटन नगरी मनाली के सोलंगनाला में नशे की हालत में वाहन चलाना पंजाब के एक पर्यटक को महंगा पड़ गया। थार गाड़ी चला रहे लुधियाना निवासी सरनजोत सिंह को पुलिस ने नशे में गाड़ी चलाने पर 25,000 रुपये और लापरवाही से वाहन चलाने पर 2,500 रुपये का चालान काटा। कुल मिलाकर पर्यटक को 27,500 रुपये का जुर्माना भरना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार जब कुल्लू कंट्रोल रूम से मनाली पुलिस को सूचना मिली कि सोलांग वैली में सड़क दुर्घटना हुई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि पलचान स्कूल के पास पीबी-10-जेडब्ल्यू-8477 (थार) और डीएल-10-सीयू-2847 (जीप कंपास) के बीच टक्कर हो गई थी।
थार गाड़ी सोलंगनाला से मनाली आ रही थी जबकि जीप कंपास मनाली से सोलंगनाला की ओर जा रही थी। सड़क पर बर्फ जमी होने के कारण थार गाड़ी स्किड होकर जीप से टकरा गई। हालांकि, इस दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई और दोनों वाहन चालकों ने आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया।
लेकिन जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि थार गाड़ी चालक सरनजोत सिंह नशे में था। इस पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 27,500 रुपये का चालान काटा। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 25,000 रुपये का चालान नशे में गाड़ी चलाने पर और 2,500 रुपये का चालान लापरवाही से वाहन चलाने पर किया गया है। पुलिस ने पर्यटकों को सतर्क रहने और सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है।