अमृतसरः पुलिस स्टेशन गेट हकीमा के अधीन आते दामगंज इलाके से पास बक्कर मंडी में व्यक्ति की वायरल वीडियो काफी चर्चा का विषय बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि वायरल वीडियो में व्यक्ति नशे का सेवन कर रहा है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति ने नहीं की है। लेकिन वीडियो चर्चा में इसलिए है क्योंकि वीडियो में व्यक्ति के सामने छोटा बच्चा साथ बैठा है और वह बच्चे के सामने किसी नशीले पदार्थ का सेवन कर रहा है।
बताया जा रहा है कि पिछले सप्ताह इसी इलाके से ड्रग्स से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हुआ था और अब दूसरा वीडियो सामने आने के बाद इलाका निवासी चितिंत है। वीडियो में, कुछ युवक उस व्यक्ति से बच्चे के सामने सवाल करते हैं। युवक को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “तुम बच्चे के सामने नशीली दवाई ले रहे हो, तुम बच्चे को क्या दिखा रहे हो? “इस पर, आदमी जवाब देता है कि उसके परिवार में कोई नहीं है।
इसी के साथ लोग विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें व्यक्तिगत रूप से किसी के नशीले पदार्थ लेने से उन्हें कोई समस्या नहीं है, लेकिन एक बच्चे के सामने ऐसा करना गलत है। मिली जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई देने वाला बच्चा केवल 5 साल का है और फिर भी स्कूल नहीं जाता है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वीडियो में पुलिस आयुक्त और प्रशासन से दामगंज क्षेत्र से सटे बक्कर मंडी में उक्त व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की गई है, ताकि युवा पीढ़ी और विशेष रूप से बच्चों को इसके प्रतिकूल प्रभावों से बचाया जा सके।