मोहाली। बड़ माजरा कॉलोनी में उस समय बड़ा हादसा हो गया जब सीवर साफ करने के लिए आए एक ट्रैक्टर के नीचे आने से 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस हादसे में जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान सूर्य निषाद के रूप में हुई है।
ट्रैक्टर के टायर के नीचे आया बच्चा
मिली जानकारी के अनुसार कॉलोनी में सीवर की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था और 12 साल का सूर्य निषाद अचानक ट्रैक्टर के टायर के नीचे आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके से भागा चालक
जैसे ही हादसे की खबर कॉलोनी में फैली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर लिया और ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में ले लिया।
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
बच्चे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूर्य अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि वे करीब 8 साल पहले उत्तर प्रदेश से मोहाली काम की तलाश में आए थे। सूर्य यहां एक स्कूल में कक्षा 6 का छात्र था।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक के परिवार वालों ने ट्रैक्टर चालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जब सूर्य को ट्रैक्टर ने टक्कर मारी, तब चालक ने बच्चे की मदद करने के बजाय ट्रैक्टर को आगे बढ़ाने का इशारा कर दिया, जिससे बच्चे की जान चली गई। परिवार की मांग है कि आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए।
परिवार और लोगों ने किया रोड जाम
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर घर के सामने सड़क जाम कर दी। लोगों का कहना है कि जब तक आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, उनका विरोध जारी रहेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।