छुट्टी पर आए फौजी ने रची थी साजिश, कार, डेढ़ किलो चांदी सहित हथियार बरामद
मोगाः अजीतवाल क्षेत्र में स्थित ज्वैलरी की दुकान पर गन प्वाइंट पर लूट की वारदात हुई थी। इस मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक भारतीय सेना सिपाही भी शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक फौजी, उसका सगा भाई और उनका एक अन्य साथी शामिल है। तीनों आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं। जांच के दौरान पता चला कि फौजी छुट्टी पर घर आया हुआ था। इसी दौरान उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, करीब डेढ़ किलो चांदी, एक अवैध पिस्टल, एक कापा और एक किरपाण बरामद की है।
इस मामले में डीएसपी निहाल सिंह वाला अनवर अली ने बताया कि 21 जुलाई 2026 को अजीतवाल क्षेत्र में दिनदहाड़े अज्ञात व्यक्तियों द्वारा कार में सवार होकर पिस्टल की नोक पर एक ज्वैलरी की दुकान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। इस संबंध में थाना अजीतवाल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों का सुराग लगाकर उन्हें काबू कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुखदीप सिंह, हरदीप सिंह और पवित्र सिंह निवासी गांव रामूवाला नवा, जिला मोगा के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, डेढ़ किलो चांदी, एक अवैध पिस्टल, एक कापा और एक कृपाण बरामद की गई है। जांच में सामने आया कि सुखदीप सिंह भारतीय फौज में नौकरी करते हैं और इन दिनों कोलकाता में उनकी पोस्टिंग है। वह घर छुट्टी आए हुए थे। उन्होंने बताया उनके उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। तीनों आरोपियों पर कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं है। आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड लेकर आगामी जांच शुरू की जाएगी।

