लुधियानाः जिले में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत लुधियाना पुलिस ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई की है। जहां, शहर के व्यस्त इलाके सिविल सिटी में स्थित Pizza Express shop नामक दुकान पर पुलिस ने अचानक छापा मारा। शुरुआती जानकारी के अनुसार पुलिस को यहां से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस की कई टीमों ने कार्रवाई करते हुए दुकान को चारों तरफ से घेर लिया है और अंदर सघन तलाशी ली जा रही है। पिज़्ज़ा की दुकान में अचानक हुई इस रेड से इलाके के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया है।
सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस पिज़्ज़ा आउटलेट की आड़ में नशे का अवैध कारोबार चलाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने रेड की योजना बनाई। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने अभी तक बरामद नशे की सटीक मात्रा और उसके प्रकार का खुलासा नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि यह खेप काफी बड़ी है।
पुलिस दुकान के रिकॉर्ड और वहां काम करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। यह भी जांचा जा रहा है कि नशे की यह सप्लाई कहाँ से आती थी और शहर में किन-किन लोगों को बेची जा रही थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेड पूरी होने के बाद ही आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।
