लुधियानाः फील्डगंज मार्केट के अधीन आते प्रेम नगर इलाके में भारी हंगामा देखने को मिला। घटना की जड़ें 20 जनवरी से जुड़ी हैं। दरअसल, हरियाणा पुलिस एक संगीन अपराध के आरोपी को लेकर मौका मुआयना करने पहुंची। आरोपी की करतूत सामने आने के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने पुलिस की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और आरोपी को बाहर निकालकर पीटने का प्रयास किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि स्थानीय थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा और आरोपी को सुरक्षित बचाकर थाने ले जाया गया। रात जब कुंडली (सोनीपत) थाना की पुलिस टीम आरोपी को लेकर प्रेम नगर की गली नंबर-9 पहुंची तो वहां हड़कंप मच गया। जैसे ही मोहल्ला निवासियों को पता चला कि उनके बीच भाई-बहन बनकर रह रहे युवक ने दो मासूम बच्चियों के साथ दरिंदगी की है उनका गुस्सा फूट पड़ा।
दर्जनों लोगों ने पुलिस की गाड़ी का रास्ता रोक लिया और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। लोग आरोपी को गाड़ी से बाहर खींचने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस कर्मियों ने बमुश्किल भीड़ को पीछे धकेला। सूचना मिलते ही डिवीजन नंबर-2 की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी और पीड़ित बच्चियों को सुरक्षित वहां से निकालकर थाने पहुंचाया। पीड़ित बच्चियों की मां ने बताया कि उनकी पांच बेटियां और एक बेटा है। 19 जनवरी को उनकी बड़ी बेटी की डिलीवरी हुई थी जिसके कारण वह अस्पताल में व्यस्त थीं।
20 जनवरी को जब वह घर लौटीं तो उनकी 11 साल और 8 साल की दो बेटियां गायब थीं। साथ ही पड़ोस में रहने वाला जोगिंदर (निवासी बागपत, यूपी) भी लापता था। शक होने पर मां ने सोनीपत के कुंडली थाना में शिकायत दर्ज कराई। आरोपी जोगिंदर दोनों बच्चियों को बहला-फुसलाकर लुधियाना ले आया और प्रेम नगर के 9 कुच्चा क्षेत्र में किराए पर रहने लगा। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी ने मकान मालिक और पड़ोसियों को बताया था कि ये उसकी छोटी बहनें और भांजी हैं, ताकि किसी को शक न हो। हरियाणा पुलिस लगातार आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही थी।
तकनीकी इनपुट के आधार पर 17 अप्रैल को पुलिस ने लुधियाना में छापेमारी कर दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सोनीपत ले जाकर जब बच्चियों का मेडिकल करवाया गया तो डॉक्टरों ने उनके साथ कई बार दुष्कर्म होने की पुष्टि की। रात पुलिस टीम आरोपी बच्चियों और उनकी मां को साथ लेकर लुधियाना आई थी ताकि वह जगह दिखाई जा सके जहां 4 महीने तक बच्चियों को बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने आरोपी जोगिंदर के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) समेत दुष्कर्म की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हरियाणा पुलिस ने मौका मुआयना कर अपनी रिपोर्ट तैयार कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश में कोई और तो शामिल नहीं था। फिलहाल दोनों बच्चियां अपनी मां के पास सुरक्षित हैं।
