लुधियानाः साउथ सिटी रोड पर झम्मट पुल के पास सर्विस लेन पर 2 कारों में भीषण टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार होंडा अमेज और इनोवा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस हादसे में अमेज कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गनीमत रही कि इस भयानक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। वहीं हादसे में गाड़ी का टायर टूटकर बाहर निकल गया। इस घटना में वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं मौके के पहुंचे एएसआई ने बताया कि दोनों गाड़ियां काफी तेज स्पीड में थीं। सर्विस लाइन पर दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई। इम्पैक्ट इतना ज्यादा था कि होंडा अमेज कार आगे से पूरी तरह डैमेज हो गई और एक टायर टूटकर गाड़ी से अलग हो गया। वहीं, इनोवा कार को भी काफी नुकसान पहुंचा है। हादसे के वक्त दोनों गाड़ियों में कोई यात्री नहीं था केवल ड्राइवर मौजूद थे जिन्हें मामूली चोटें आई हैं।
मामले की जानकारी देते हुए रघुनाथ चौकी के एएसआई गुरप्रीत ने बताया पुलिस को कंट्रोल रूम पर इस हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही हमारे मुलाजिम तुरंत मौके पर पहुंच गए। एएसआई ने स्पष्ट किया कि इस हादसे में किसी की भी मृत्यु नहीं हुई है। पुलिस ने मौके से दोनों दुर्घटनाग्रस्त कारों को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और कानून के तहत जो भी बनती कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।