नवांशहर : परिवारिक विवाद के चलते व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। दंपती एक-दूसरे से अलग रह रहे थे। मृतका की पहचान मनप्रीत कौर के तौर पर हुई है। जानकारी के अनुसार मृतका मनप्रीत कौर की शादी 2012 में राजपुरा गांव के गुरविंदर सिंह से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पिछले करीब डेढ साल से दोनों अलग रह रहे थे। मनप्रीत कौर सिलाई का काम करके अपना गुजारा कर रही थी।
इस घटना से दो बच्चे अनाथ हो गए हैं। घटना के दिन गुरविंदर सिंह शाम को रटैंडा गांव स्थित ससुराल पहुंचा। वह नशे का आदी था। मिली जानकारी के अनुसार गुरविंदर नशे की हालत में पिस्तौल के साथ आया और मनप्रीत के कमरे में जाकर उसने बहस शुरू कर दी। जिसके बाद उसने पत्नी पर दो गोलियां चलाईं और मोटरसाइकिल पर फरार हो गया।
डीएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी गुरविंदर सिंह मनप्रीत कौर के घर आया और दोनों मेें बहस शुरु हो गई। जिसके बाद गुरविंदर सिंह ने पत्नी को गोली मार दी। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी मेें रखवा दिया है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका की मां ने बताया कि उन्होंने दामाद को स्विफ्ट कार समेत कई उपहार दिए थे। लेकिन उसने सब कुछ बेच दिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।