लुधियानाः शहर के कस्बा खन्ना, पायल, दोराहा में चर्चित सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर, सोशल वर्कर और जूता कारोबारी हनी सेठी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर नशा करने के आरोप लगे हैं। वहीं उनका डोप टेस्ट भी पॉजिटिव आया है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी मुताबिक, खन्ना के नजदीक स्थित दोराहा थाना में पुलिस को हनी सेठी की गतिविधियों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें नशीले पदार्थों के सेवन की पुष्टि हुई। एसएचओ आकाश दत्त ने बताया कि पुलिस को सूचना और संदेह के आधार पर कार्रवाई करनी पड़ी। मेडिकल रिपोर्ट में नशा करने की पुष्टि होने के बाद कानूनी प्रक्रिया के तहत हनी सेठी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे भी जांच जारी रहेगी।
हनी सेठी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहता है और कई बार अपने बयानों व गतिविधियों को लेकर विवादों में भी रहा है। उसकी गिरफ्तारी के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ सख्त मुहिम जारी है और कानून तोड़ने वालों के साथ किसी तरह की रियायत नहीं बरती जाएगी। कारोबार की बात करें तो हनी सेठी का दोराहा के पास जीटी रोड पर जूतों का बड़ा शोरूम है और पायल क्षेत्र में भी उसका व्यापार फैला हुआ है। इसके साथ-साथ उसने पंजाब के अलग-अलग शहरों में अपनी फ्रेंचाइजी भी खोली हुई हैं, जिससे उसका नाम एक कारोबारी के रूप में भी जाना जाता है। सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और व्यापारिक गतिविधियों के कारण वह अक्सर लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना रहता है।