दुर्गापुर। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शनिवार रात एक मेडिकल छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्र का शव कॉलेज के हॉस्टल के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृत छात्र की ये हुई पहचान
मृत छात्र की पहचान 22 वर्षीय लावण्य प्रताप के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पटना, बिहार का रहने वाला था और दुर्गापुर के इस निजी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। शनिवार रात अन्य छात्रों ने उसे बाथरूम में फंदे से लटका देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस छात्र को अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मानसिक तनाव में होने की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र मानसिक तनाव या अवसाद से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि वह एक सेमेस्टर की परीक्षा में पास नहीं हो पाया था, जिससे वह काफी परेशान था। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आत्महत्या के पीछे कोई और कारण तो नहीं था।
दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्र के परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिवार के दुर्गापुर पहुंचने के बाद रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस छात्र के दोस्तों और सहपाठियों से पूछताछ कर रही है।
पहले भी सामने आ चुका है मामला
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2025 में इसी निजी मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा के साथ कॉलेज के पास जंगल में दुष्कर्म का मामला भी सामने आया था। उस मामले में एक सहपाठी सहित कुछ स्थानीय लोगों को गिरफ्तार किया गया था और मामला फिलहाल अदालत में विचाराधीन है