गुरदासपुरः पंजाब में गोली चलने की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। वहीं ताजा मामला बटाला के अधीन आते थाना श्री हरगोबिंदपुर के गांव कीड़ी अफगाना में देर रात गोली चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, वहीं मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस चौंकी हरचोवाल के इंचार्ज एएसआई सुखराज सिंह ने कहा कि गांव कीड़ी अफगाना में प्रवासी मजदूरों को लेकर विवाद हो गया। जिसमें गांव भेट पतन के सरपंच मंजीत सिंह लाडी बल और उसके साथियों द्वारा गोली चलाई गई। घटना में दिलबाग सिंह गोली लगने से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अमृतसर के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने कहा कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर बनती कार्रवाई की जा रही है।
