लुधियानाः थाना जोधां के अधीन गांव पमाल में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग दंपती ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान गुरमीत सिंह और उनकी पत्नी नरिंदर कौर के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जानकारी के अनुसार, दंपती के तीन बच्चे हैं। एक बेटा और एक बेटी कनाडा में रहते हैं, जबकि तीसरा बेटा स्थानीय एक प्राइवेट अस्पताल में नौकरी करता है।
बीती रात करीब साढ़े 3 बजे जब बेटा ड्यूटी से घर लौटा तो उसने माता-पिता को कई बार फोन और मैसेज किए, लेकिन उनका मोबाइल बंद था और किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। घर पहुंचने पर उसने देखा कि दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो माता-पिता बेड पर बेसुध हालत में पड़े थे। उसने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका के भाई पंकज ने बताया कि नरिंदर कौर पिछले 5-6 साल से बीमार थी। उनकी शुगर काफी बढ़ी हुई थी और आंखों से भी ठीक से दिखाई नहीं देता था। पत्नी की बीमारी को लेकर गुरमीत सिंह भी मानसिक रूप से काफी परेशान रहते थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की है। मौके से बरामद सुसाइड नोट में लिखा कि “गरीबी में जन्म लिया और गरीबी में ही मर गए।” पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल थाना जोधां पुलिस मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
