लुधियानाः सिविल अस्पताल आए दिन विवादोें में घिरा रहता है। वहीं एक बार फिर से सिविल अस्पताल जंग का मैदान बन गया। जहां 2 पक्षों में हुए विवाद के बाद वह सिविल अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड के बाहर हाथापाई करने लग गए। इस दौरान इमरजेंसी में मरीजों के परिजनों में दहशत का माहौल पाया गया। दरअसल, गांधी नगर इलाके के 2 पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते हुए झगड़ा हो गया। इस घटना में मां-बेटा सहित एक व्यक्ति घायल हो गया। इस दौरान एक पक्ष में घायल कपड़ा कारोबारी को लोगों की सहायता से सिविल अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया गया। जहां पर दूसरे पक्ष के आधा दर्जन लोग पहुच गए।
इस दौरान उन्होंने पहले इमरजेंसी वार्ड के बाहर झगड़ा किया। उसके बाद पुलिस चौकी के बाहर दोनों पक्षों में झड़प हो गई। दोनों पक्षो के 3 लोग घायल हो गए। इस झड़प में एक कार में तोड़फोड़ की गई। घायलों की पहचान कपड़ा कारोबारी सोनू हीर व उसकी माता गुरमीत कौर के रूप में हुई है, जबकि दूसरे पक्ष में घायलों की पहचान मिकी रिहान निवासी गांधी नगर के रूप में हुई है। सोनू हीर के मुताबिक देर रात वह गांधीनगर गली नंबर 9 अपने घर में मौजूद था। तभी उसके घर के दरवाजे की घंटी बजी तो वह बाहर आया तो उसके घर के बाहर करीब आधा दर्जन लोग खड़े थे। उसका आरोप है कि घर के बाहर आते ही करीब आधा दर्जन लोगों ने उससे मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद शोर सुनकर उसकी माता बाहर आई तो उक्त हमलावारों ने माता से भी मारपीट करके उन्हें घायल कर दिया।
घायल सोनू के मुताबिक उसे परिजनों की मदद से इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचुया गया। लेकिन दूसरे पक्ष के लोग वहां पर पहुंच गए। इस दौरान सिविल अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर उसके साथ मारपीट की। जिसके बाद वह जान बचाकर सिविल अस्पताल की पुलिस चौकी पहुंच गया। लेकिन दूसरे पक्ष के हमलावार ने पुलिस चौकी के बाहर भी उसके साथ मारपीट की। सोनू का आरोप है कि घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और लोग उससे मारपीट करते रहे। सिविल अस्पताल में दूसरे पक्ष के घायल मिक्की रिहान ने आरोप लगाया कि उसके मोहल्ले के रहने वाले सोनू ने पुरानी रंजिश के चलते उससे मारपीट की।
इस घटना में सोनू ने उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। उसका कहना है कि जब वह सिविल अस्पताल इलाज करवाने आया तो वहां उन्होंने मारपीट करनी शुरू कर दी। दोनों पक्षों के मुताबिक सिविल अस्पताल इलाज के बाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं सिविल अस्पताल की पुलिस चौकी इंचार्ज कुलवीर का कहना है कि लड़ाई झगड़े के मामले में दो पक्ष सिविल अस्पताल आए थे। जहां दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई थी। जिसके बाद दोनों को शांत कर दोनों पक्षों के लोगो को सिविल अस्पताल में उपचार के बाद वापिस भेज दिया है।