लुधियानाः जिले के भट्टियां इलाके के पास गगनदीप कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक बहुत ही हैरान करने वाली घटना सामने आई। जहां, एक खाली प्लॉट में बड़ी संख्या में भेड़ें मृत पाई गईं। करीब 70 भेड़ों की एक साथ मौत हो गई, जिससे इलाके में डर और चिंता का माहौल बन गया। भेड़ों के मालिक हरमेश सिंह पटियाला के रहने वाले हैं, अपनी करीब 200 भेड़ों को चराने के लिए लुधियाना आए थे। वह रोज की तरह गुरुवार रात भेड़ों को चराकर उसी खाली प्लॉट में रुक गए। रात तक सब कुछ ठीक था और कोई परेशानी नहीं थी।
सुबह उठते ही दिखा चौंकाने वाला दृश्य
हरमेश सिंह ने बताया कि जब वह सुबह करीब 3 बजे उठे, तो उन्होंने देखा कि उनकी कई भेड़ें जमीन पर पड़ी तड़प-तड़प कर मर चुकी थीं। 200 में से लगभग 70 भेड़ें मर चुकी थीं। यह देखकर वह पूरी तरह से घबरा गए और उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
मौत की वजह बनी रहस्य
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि जिन भेड़ों की मौत हुई, उनके पेट असामान्य रूप से फूले हुए थे। इससे यह शक जताया जा रहा है कि शायद भेड़ों ने कोई जहरीली चीज खा ली हो या फिर वे किसी खतरनाक बीमारी का शिकार हो गई हों। हालांकि असली कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है।
लाखों का हुआ नुक्सान
हरमेश सिंह के अनुसार इस घटना से उन्हें लगभग 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि सिर्फ 10 दिन पहले ही भेड़ों की ऊन उतारी गई थी और वह वापस घर लौटने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस को नहीं दी गई सूचना
अब तक इस मामले की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है। भेड़ों के मालिक ने मृत भेड़ों को हाड़ा रोड़ी में दे दिया है और अब वह अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे हैं।
इलाके में डर का माहौल
एक साथ इतनी भेड़ों की मौत से आसपास के लोगों में डर और चिंता है। सभी लोग जानना चाहते हैं कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत कैसे हुई।
