लुधियानाः पंजाब के लोगों को भीषण गर्मी के बीच 5 दिनों में लंबे बिजली कटों का सामना करना पड़ है। पावरकॉम ने इन बिजली कटों को लागू करने संबंधी एक सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। नोटिस के अनुसार, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, बठिंडा और पटियाला में 21 अप्रैल से 28 अप्रैल तक बढ़ाए हुए बिजली कट लागू किए जा रहे है। इसी को लेकर पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा का बयान सामने आया है।

उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करके कहा कि PSPCL द्वारा जारी किए गए योजनाबद्ध विद्युत बंद कार्यक्रम विद्युत आपूर्ति को और बेहतर बनाने तथा सिस्टम अपग्रेड करने के लिए पॉवर कट लगाए जा रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने कहा कि असुविधा के लिए खेद हैं, लेकिन यह काम लंबे समय में लोगों के लिए बहुत लाभदायक साबित होंगे। पावरकॉम ने बिजली वितरण बुनियादी ढांचे के सुधार और आधुनिकीकरण को इन कटों का कारण बताया है।
रिपोर्टों के अनुसार, कुछ जिलों में बिजली कट तीन दिन तक रहेंगे, जबकि कुछ जिलों में यह पाँच से छह दिन तक रह सकते हैं। पावरकॉम के अनुसार, पंजाब में बिजली की वर्तमान मांग लगभग 6,000 मेगावाट है, जबकि राज्य का उत्पादन लगभग 3,300 मेगावाट है। इस घाटे को पूरा करने के लिए केंद्र से लगभग 2,700 मेगावाट बिजली प्राप्त की जा रही है। पावरकॉम का कहना है कि ये बिजली कट भविष्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रख-रखाव के कामों को सुगम बनाने के लिए लागू किए जा रहे हैं।
