मोगाः जिले के गिल रोड पर उस समय सनसनी फैल गई, जब दयाल सीमेंट स्टोर के पास स्थित एक खाली प्लॉट से देर रात युवक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुई। बताया जा रहा है कि मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 साल के बीच है। शव काफी हद तक गल चुका था, जिसके कारण उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया है। घटना की सूचना लोगों द्वारा पुलिस को दी गई।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और समाज सेवा सोसाइटी रजि. की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवाया। जिसके बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना हैकि शव की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके चलते शव की पहचान के लिए 72 घंटे तक सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस मामले को लेकर सभी पहलुओं से छानबीन कर रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। क्योंकि यहां पर अक्सर ही इस खाली प्लाट में नौजवान नशा करते हुए दिखाई देते है। ऐसे में अब देखने वाली बात होगी कि पुलिस जांच के बाद इस रहस्यमयी मौत की असल सच्चाई कब सामने लाती है।