लुधियानाः जिले में भाजपा कार्यकत्ता पुलिस कमिश्नर के दफ्तर का घेराव करने पहुंचे। जहां भाजपा नेताओं द्वारा शहर की पश्चिम सीट के भाजपा नेताओं से बूथ लिस्ट मांगने को लेकर विरोध किया जा रहा है। दूसरी और पुलिस कमिश्नर के दफ्तर के बाहर फोर्स तैनात कर दी गई है। दफ्तर के घेराव से पहले पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर भाजपा के नेता जनसभा कर रहे हैं। भाजपा नेता गुरुदेव शर्मा , प्रवीन बंसल ,जीवन गुप्ता, अनिल सरीन ,रेणू थापर, निर्मल नैयर ने कहा कि आम आदमी पार्टी भारतीय जनता पार्टी से घबरा गई है । इसीलिए वह साम, दाम, दंड और भेद की नीति अपनाकर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की लिस्ट मांग रही है। यह लोकतंत्र का शर्मनाक दृश्य है। भारतीय जनता पार्टी सहन नहीं करेगी।
इस दौरान भाजपा नेता ने कहा कि पुलिस का भाजपा के नेताओं से बूथ की लिस्ट मांगने का कोई अधिकार नहीं है। इस दौरान उन्होंने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की गई। जहां पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने आश्वासन दिया है कि पुलिस द्वारा ऐसा कोई काम नहीं किया जा रहा है। वहीं भाजपा नेताओं को फोन आने को लेकर कहा कि डीसी साहिब ने कुछ लिस्ट मांगी थी, लेकिन उन्हें फोन पर गलत तरीके से मैसेज पहुंचाया गया है। जिसके बाद भाजपा नेताओं ने धरना को समाप्त कर दिया है।
बता दें कि लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। गुरप्रीत गोगी की निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी। आम आदमी पार्टी ने यहां से राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को मैदान में उतारा है। उपचुनाव को लेकर आप सुप्रीमो दूसरी बार लुधियाना पहुंच रहे हैं। मंगलवार को फिरोजपुर रोड स्थित किंग्स विला रिजॉर्ट में पार्टी कार्यकारिणी की बैठक होगी। इसमें अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
