लुधियानाः पंजाब में एक बार फिर से नेताओं व कारोबारियों को धमकी देकर रंगदारी मांगने का सिलसिला शुरू हो गया है। हाल ही पंजाबी गायक परमीश वर्मा का कारोबार देखने वाले उसके करीबी को लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर ने धमकी दी है और उससे 10 करोड़ की फिरौती मांगते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। वहीं अब मॉडल टाउन निवासी कारोबारी और भाजपा कार्यकर्ता गुरबीर सिंह गरचा को कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम पर 5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता गुरबीर सिंह गरचा, जो प्रॉपर्टी कारोबारी हैं और एक फिलिंग स्टेशन के मालिक भी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 फरवरी को एक विदेशी नंबर से उन्हें वॉइस मैसेज मिला। मैसेज भेजने वाले ने खुद को गोल्डी बराड़ बताया और 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी। मैसेज में कहा गया कि उसके पास गरचा की पूरी जानकारी है और दो दिन में रकम नहीं दी तो गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। गरचा ने बताया कि इसके बाद कई कॉल आईं, जिन्हें उन्होंने जानबूझकर नजरअंदाज किया।
मॉडल टाउन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(2) और 351 (2) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है और विदेशी नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। गुरु नानक कॉलोनी के एक फर्नीचर कारोबारी को व्हाट्सऐप कॉल कर 2 करोड़ रुपए मांगे गए। कॉलर ने खुद को गैंगस्टर डोनी बाल बताया।
13 फरवरी को अयाली कलां के बाबा नंद सिंह नगर निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति को अज्ञात कॉलर ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए 1 करोड़ रुपए की मांग की। 14 फरवरी लादियां खुर्द निवासी नवजोत सिंह, जो अमृत इंडो-कैनेडियन एकेडमी स्कूल के संचालक हैं, ने शिकायत दी कि उनके पिता को अंतरराष्ट्रीय नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को फरार गैंगस्टर डोनी बाल बताया। पुलिस ने मामला दर्ज किया।