लुधियानाः गिल चौक के पास डी-मार्ट के नजदीक शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक्टिवा सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में 20 वर्षीय रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी परवीन गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए कल्याण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों युवक बस्ती जोधेवाल के बापू स्कूल इलाके में रहते थे और मूल रूप से नेपाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित मौके पर पहुंच गए। रोहित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। रोहित के भाई वरिंदर कुमार ने बताया कि रोहित करीब 20 साल का था और सिग्मा कॉलेज से बी-फार्मेसी की पढ़ाई कर रहा था। वह दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। परिवार के अनुसार रोहित के पिता सुरक्षा कर्मचारी के तौर पर काम करते हैं।
पढ़ाई पूरी कर बेहतर भविष्य बनाने का सपना देख रहा रोहित सड़क हादसे में परिवार से हमेशा के लिए बिछड़ गया। हादसे के बाद चौकी मराडो पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए ट्रक की रफ्तार, हादसे के दौरान की स्थिति और चालक की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।