लुधियाना। शहर के टिब्बा रोड इलाके में उस समय अफरा-तफरी और दहशत फैल गई, जब तेजधार हथियारों से लैस कुछ हमलावरों ने एक कार में सवार परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया और इस दौरान 7 माह के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया। इस पूरी वारदात की वीडियो भी सामने आई है, जिसे देखकर स्पष्ट होता है कि आरोपियों को कानून और पुलिस प्रशासन का कोई भय नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर अचानक कार के पास पहुंचे और हथियारों के बल पर परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान परिवार के सदस्य जान बचाने की कोशिश करते रहे, लेकिन हमलावर बच्चे को जबरन उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पीड़ितों से बातचीत में सामने आया है कि मामला घरेलू विवाद और पति-पत्नी के आपसी मनमुटाव से जुड़ा हुआ है। हालांकि, सवाल यह उठता है कि किसी भी घरेलू विवाद में इस तरह खुलेआम तेजधार हथियारों से हमला करना और मासूम बच्चे का अपहरण करना कहां तक जायज है। वहीं, जब इस मामले में लड़की के पति और सास से बात की गई तो उन्होंने लड़की और उसके रिश्तेदारों पर उनकी घरेलू जिंदगी में दखल देने के आरोप लगाए।
मामले को लेकर थाना टिब्बा के इंचार्ज से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
