लुधियानाः दुगरी इलाके में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े और सरेआम लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इलाके में बाइक सवार तीन बेखौफ लुटेरों ने एक के बाद एक दो वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना में बदमाशों ने एक डिलीवरी बॉय को निशाना बनाया लेकिन उसके कड़े विरोध के चलते वे लूट में नाकाम रहे। इसके तुरंत बाद उन्हीं बदमाशों ने एक कबाड़ी को घेर लिया और हथियारों के बल पर उससे 7 हजार रुपये की नकदी लूट ली। इन दोनों घटनाओं की लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आ गई है जिसने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सामने आई जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार पहली घटना दुगरी फेस 2 बाल भर्ती स्कूल के पास में तीनों बाइक सवार लुटेरों ने एक डिलीवरी बॉय को अपना शिकार बनाने की कोशिश की। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि लुटेरे डिलीवरी बॉय को रोकते हैं और उससे मारपीट कर लूटपाट की कोशिश करते हैं। बदमाशों ने उसका डिलीवरी बैग भी साथ ले जाने का प्रयास किया। हालांकि डिलीवरी बॉय ने बिना डरे उनका डटकर सामना किया। जब डिलीवरी बॉय ने अपना बचाव करते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया तो लुटेरे घबरा गए। पकड़े जाने के डर से वे वारदात को बीच में ही छोड़कर अपनी बाइक पर वहां से भाग निकले।
डिलीवरी बॉय से लूट में नाकाम रहने के बाद भी इन बदमाशों का खौफ कम नहीं हुआ। उन्होंने उसी इलाके के अर्बन विहार की एक गली से गुजर रहे कबाड़ी को अपना दूसरा निशाना बनाया। दूसरे सीसीटीवी वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लुटेरे पहले कबाड़ी को चारों तरफ से घेर लेते हैं। इसके बाद दहशत फैलाने के लिए वे कबाड़ी पर हथियार से हमला करते हैं।
डरा-धमका कर बदमाश उसकी जेब से करीब 7000 रुपये का कैश निकाल लेते हैं और आसानी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं। लगातार हुई इन दो वारदातों से दुगरी इलाके के लोगों और दुकानदारों में भारी दहशत का माहौल है। गनीमत यह रही कि बदमाशों की यह पूरी करतूत और उनके चेहरे वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस तक मामले की सूचना पहुंच गई है और अब इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन बाइक सवार लुटेरों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। इलाके के लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द इन आरोपियों को पकड़ने की मांग की है।
